मिर्जापुर के चुनार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट से संबंधित मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए तीनों आरोपी वाराणसी जनपद के रहने वाले हैं.
दरअसल चुनार पुलिस ने 26 अगस्त 2025 को कार्रवाई करते हुए नशीली सिरप ONEREX की कुल 8374 शीशियों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया था. इस संबंध में थाना चुनार पर मुकदमा दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला पंजीकृत किया गया और जांच के दौरान अन्य आरोपियों के नाम प्रकाश में आए, जो घटना के बाद से फरार चल रहे थे.इसी क्रम में 16 फरवरी को चुनार प्रभारी निरीक्षक विजय शंकर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर दबिश देकर तीनों वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
प्रथम जायसवाल उर्फ किशन जायसवाल, उज्जवल केशरी निवासी भूलेटन, थाना चौक, जनपद वाराणसी और अमरजीत कुमार निवासी बेनिया बाग, थाना चौक, जनपद वाराणसी के रहने वाले हैं. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी अवैध रूप से नशीली सिरप की तस्करी और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े हुए थे.गिरफ्तारी के बाद तीनों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. जनपद में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई अहम मानी जा रही है.पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
Tag :Copyright © 2017 NewsaddaaclickAll Right Reserved.